The era of mythological films returned again-फिर लौटा पौराणिक फिल्मों का दौर



एक जमाना था जब पौराणिक फिल्मों का निर्माण जोर-शोर से होता था।

आरती सक्‍सेना

एक जमाना था जब पौराणिक फिल्मों का निर्माण जोर-शोर से होता था। बिना नामी सितारों के औसत बजट वाली फिल्म ‘जय संतोषी मां’ ने भी उस दौरान बड़ा बिजनेस किया था। इससे पहले भी धार्मिक और पौराणिक तथ्यों पर आधारित फिल्में सुपर हिट हुई थीं। यही नहीं टीवी पर दिखाए जाने वाले पौराणिक सीरियल ‘महाभारत’ और ‘रामायण’ ने दर्शकों को पूरी तरह बांध लिया था। इस दौरान माहौल भी भक्तिमय होता था। इसके बाद एक दौर ऐसा आया जब पौराणिक फिल्मों का निर्माण लगभग बंद हो गया।

पौराणिक फिल्मों का स्थान मसाला फिल्मों ने ले लिया। इसमें हास्य, रोमांस और मारधाड़ फिल्मों की भरमार थी। लेकिन अब जबकि दर्शकों की पंसद मेंं भी बदलाव आ रहा है और दर्शक अब एक जैसी फिल्में देखकर ऊबने लगे हैं, तो निमार्ताओं को भी समझ में आने लगा है कि अगर फिल्म उद्योग का स्तर बढ़ाना है तो उनको भी संभलना होगा। अब तो सलमान खान, शाहरुख खान और अक्षय कुमार की फिल्में बाक्स आफिस पर ही नहीं बल्कि ओटीटी पर भी फ्लाप हो रही हैं। अगर यही हालात रहे तो निर्माताओं के लिए फिल्में बनाना मुश्किल हो जाएगा।

पौराणिक फिल्मों को देखने वालों की संख्या 70 करोड़ के पार है। खराब इंटरनेट कनेक्शन के बावजूद दर्शकों ने धार्मिक फिल्मों को बहुत ही चाव से देखा है। 2013 में बनी एक एनिमेशन फिल्म में अमिताभ बच्चन ने भीष्म पितामह के किरदार को, सनी देओल ने भीम के लिए और अजय देवगन ने अर्जुन के किरदार के लिए अपनी आवाजें दी थीं। इस एनिमेशन फिल्म ने भी धमाल मचाया था। फिल्म ने 50 करोड़ का कारोबार किया था। पौराणिक फिल्मों के जरिये हमें वो शिक्षा मिलती है जो हमारे जीवन पर लागू होती है।

फिल्म समीक्षक तरन आदर्श भी इस बात से इत्तेफाक रखते हैं कि बालीवुड में पौराणिक फिल्मों का निर्माण फिल्म उद्योग के लिए अच्छी शुरुआत है। तरण आदर्श की तरह दीपिका पादुकोण भी पौराणिक फिल्मों की शुरुआत को इंडस्ट्री के लिए एक अच्छी पहल मानती हैं। दीपिका खुद इसका हिस्सा बन कर रोमांचित हैं। दीपिका के अनुसार वे महाभारत में द्रौपदी का किरदार निभा कर बेहद खुश हैं। यह उनके फिल्मी जीवन का सबसे अच्छा किरदार है जिसे निभाने के लिए वे उत्साहित हैं। दीपिका की तरह सैफ अली खान भी अपने पौराणिक किरदार को लेकर बेहद उत्साहित हैं।

सैफ ‘आदिपुरुष’ फिल्म में रावण का किरदार निभा रहे हैं। सैफ के अनुसार, ‘फिल्म ‘आदिपुरुष’ में रावण का किरदार निभाना मेरे लिए बहुत ही खूबसूरत तोहफा है। क्योंकि मैंने पहले कभी इस तरह का किरदार नहीं निभाया। रावण का किरदार निभाने के लिए काफी कुछ जानने का मौका मिला। मैंने अपने अब तक के करिअर में कई तरह के किरदार निभाए हैं, लेकिन ‘आदिपुरुष’ में रावण का किरदार निभाना मेरे लिए बहुत अच्छी उपलब्धि है। इसके लिए मैं बेहद खुश हूं। दीपिका की तरह ही कंगना रनौत ‘सीता’ फिल्म में सीता के किरदार में नजर आएंगी। कंगना के लिए सीता का किरदार निभाना बहुत बड़ी उपलब्धि है।

आदिपुरुष’ 2022 में रिलीज होने वाली है। अमिताभ बच्चन, शाहरुख खान रणबीर कपूर और आलिया भट्ट अभिनीत फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र’ की कहानी ब्रह्म के अस्त्र जो कि देवी-देवताओं के शस्त्र के लिए माना जाता है पर आधारित है। इसमें भगवान के शस्त्र ब्रह्मास्त्र का उल्लेख किया गया है। ये फिल्म एक अलग तरह की पौराणिक फिल्म है। फिल्म के डायरेक्टर अयान मुखर्जी हैं। फिल्म का बजट 300 करोड़ है।

500 करोड़ के बजट में बन रही ‘रामायण’ तीन फिल्मों की शृंखला है। यह फिल्म हिंदी और तमिल में बन रही है। हिंदी फिल्म के लिए नीतिश तिवारी निर्देशन करेंगे और तमिल फिल्म के लिए रवि उदयावर का निर्देशन होगा। फिल्म की कहानी तीन हिस्से में दिखाई जाएगी। जो कि 3 डी फिल्म होगी। फिल्म की स्टार कास्ट अभी फाइनल नहीं हुई है। ‘धड़क’ और ‘हम्टी शर्मा की दुल्हनियां’ फिल्म के निर्देशक शशांक खेतान वरुण धवन और सारा अली खान को लेकर एक पौराणिक मारधाड़ फिल्म बनाने जा रहे हैं। इसका शीर्षक ‘रणभूमि’ है। इसके लिए वरुण धवन और सारा अली खान खास तैयारी कर रहे हैं। फिल्म में सारा अली से पहले जाह्नवी कपूर को लिए जाने की बात चल रही थी। ‘अपाराजिता अयोध्या’ फिल्म का निर्माण कंगना रनौत कर रही हैं। यह फिल्म रामजन्म भूमि अयोध्या पर केंद्रित हैं।

आमिर खान ने भी ‘महाभारत’ पर एक हजार करोड़ लागत का प्रोजेक्ट शुरू किया था। जिसे उन्होंने अभी स्थगित कर दिया है। आमिर इसके निर्माता हैं, वहीं फिल्म का निर्देशन दक्षिण के प्रसिद्ध निर्देशक एसएस राजा मौउली कर रहे हैं। फिल्म की स्टार कास्ट भी काफी मजेदार है। दीपिका पादुकोण जहां फिल्म में द्रौपदी का किरदार निभा रही हैं। वहीं, आमिर खान कृष्ण के किरदार में हैं। अमिताभ बच्चन भीष्म पितामाह के किरदार में हैं तो अर्जुन रामपाल युधिष्ठिर के किरदार में। प्रभास भीम तो ऋत्विक रोशन कर्ण का किरदार निभा रहे हैं। फरहान अख्तर अर्जुन तो अजय देवगन दुर्योधन बने हैं। रजनीकांत द्रोणाचार्य तो विद्या बालन सत्यवती, रणवीर सिंह सहदेव तो रेखा कुंती, गुलशन ग्रोवर शकुनी मामा, विद्युत जाम्बाल नकुल, ऐश्वर्या राय गंगा तो अभिषेक बच्चन दुशासन और कमल हासन शांतनु के किरदार में हैं। यह आमिर का ड्रीम प्रोजेक्ट है, जिसे वह आज नहीं तो कल बनाएंगे। इससे धार्मिक फिल्मों की डिमांड पता चलती है।



जीमेल पर पोस्ट का नोटिफिकेशन पाएं सबसे पहले। अभी सब्सक्राइब करें।



from COME IAS हिंदी https://ift.tt/30PXzJB

Post a Comment

और नया पुराने